नवाबगंज नगर के दो मोहल्लों बढ़ई व हड्डीपुरवा में रह रहे लोगों को नए साल का तोहफा देते हुए नवाबगंज नगर पालिका ने उन्हें वाटर टैक्स से मुक्त कर दिया है। इसलिए नए साल से इन दोनों मोहल्लों में रहने वाले लोगों से वाटर टैक्स के नाम पर कोई पैसा नहीं लिया जाएगा।
गुरुवार को नगर पालिका सभागार में हुई पालिका बोर्ड की बैठक में इसका प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही नगर में होने वाले 16 विकास कार्यों पर भी बोर्ड ने अपनी रणनीति जाहिर की।
इस मौके पर बोर्ड की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष अंजू सिंह व संचालन वरिष्ठ सभासद डा.अशोक सिंह ने किया। पालिका अध्यक्ष अंजू सिंह ने बताया कि ठंड में लोगों को कंबल बांटने के लिए इसकी खरीदारी कर ली गई है। 1500 कंबलों का वितरण नगर के हरेक मोहल्ले में जाकर किया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पडाव स्थित वार्ड न. 7 में बन रहे मल्टी प्लेस मैरीज हाल की बाउंड्रीवाल व इंटरलॉकिगं का कार्य कराया जाएगा।
नवनिर्मित जलकर परिसर में आवासों का आवटंन किया जाएगा। वहीं तिकौना पार्क के मछली मंडी तक खराब पड़ी सड़क फिर से बनवाई जाएगी।
जबकि वित्तीय वर्ष 2015- 2016 में ठेके पर रखे गए कर्मचारियों का बकाया भुगतान किए जाने के बारे में भी सभासदों से उनकी राय मांगी गई।
इस मौके पर नफीस अहमद, रखवीर गुंप्ता विनोद सोनी, सुदीप श्रीवास्तव, संजय सिंह, प्रतिभा गुप्ता, कुलदीप सिंह, अल्पना सिंह आदि उपस्थित रहे।