स्टेशन पर माैजूद प्रसूता व अधिकारी।
गोंडा। बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रही गर्भवती महिला के लिए रेलवे प्रशासन की तत्परता जीवनरक्षक साबित हुई। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर गोंडा जंक्शन पर ट्रेन को करीब 20 मिनट तक रोककर मेडिकल टीम ने कोच के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्राथमिक उपचार के बाद जच्चा-बच्चा को जिला महिला अस्पताल भेजा गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एस-4 कोच की बर्थ संख्या 29 पर यात्रा कर रहीं खुशबू (26) को बृहस्पतिवार देर रात अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सहयात्रियों ने इसकी सूचना रेलकर्मियों को दी, जिसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया।
ट्रेन के गोंडा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंचते ही उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) दीपक पांडेय, डॉ. प्रतिभा सिंह और मेडिकल टीम संबंधित कोच में पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सहयात्रियों के सहयोग से कोच के भीतर कपड़ों का घेरा बनाकर अस्थायी पर्दा तैयार किया गया। इसके बाद मेडिकल टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया, जिसमें महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से जच्चा और बच्चे को जिला महिला अस्पताल भेजा गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोनों की हालत सामान्य है। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक गोंडा जंक्शन पर खड़ी रही। आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को उसके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।