धानेपुर थानाक्षेत्र के रेतवागाड़ा गांव के मजरा ठाकुरदासपुरवा में चल रहे दो दिवसीय विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के अंतिम दिन सोमवार को अयोध्या के बाबा बजरंगी पहलवान दो मुकाबले जीतकर प्रतियोगिता के ओवर ऑल चैंपियन बने। विजेता पहलवान को आयोजक मंडल ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
रेतवागाड़ा के मजरा ठाकुरदासपुरवा में चल रहे विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का दूसरा दिन अयोध्या के पहलवान बाबा बजरंगी के नाम रहा। पहले दिन विरोधी पहलवानों पर बनाया गया उनका दबदबा दूसरे दिन भी कायम रहा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को आधी दर्जन कुश्ती की प्रतियोगिता करायी गयी।
पहला मुकाबला अयोध्या के पहलवान बाबा बजरंगी व उन्नाव के शिवविलास के बीच हुआ। जिसमें बजरंगी बाबा ने अपने विरोधी पहलवान को धूल चटायी। बजरंगी का दूसरा मुकाबला दिल्ली के पहलवान योगेंद्र के साथ हुआ। इसमें भी बजरंगी बाबा ने जीत हासिल कर प्रतियोगिता का ओवर ऑल चैंपियन का खिताब जीत लिया।
कुश्ती के अन्य मुकाबलों में कलियर उत्तराखंड के मोखली ने हरियाणा के पहलवान अजय को हराया तोे दूसरे मुकाबले में दिल्ली के पहलवान किशना से उन्हें पराजय झेलनी पड़ी।
इस विराट कुश्ती दंगल में अन्य तीन मुकाबलों का नतीजा नहीं निकल सका। जिसमें आगरा के भीम सिंह व झांसी के बालमुकुंद, उन्नाव के सुरेंद्र व दिल्ली के पहलवान शैतान सिंह समेत दिल्ली के संदीप राणा व बनारस के अरविंद पहलवान के बीच खेले गये मुकाबले बराबरी पर छूटे।
प्रतियोगिता के रेफरी हनुमान जायसवाल व असलम रहे। प्रतियोगिता के ओवर ऑल चैंपियन बने बाबा बजरंगी पहलवान को आयोेजक विजयकांत सिंह उर्फ ज्वाला सिंह ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राजकुमार सिंह, सुनील, ओंकार, दद्दन, अशोक समेत अन्य मौजूद रहे।