झंझरी (गोंडा)। विनीत सिंह बनकर हिंदू युवती से शादी करके धर्मांतरण कराने के आरोपी आजम हसन शेख को नगर कोतवाली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। बरूईपुर साउथ 24 काजीपारा मस्जिद थाना बरूईपुर जनपद कोलकाता निवासी आजम समेत अन्य के खिलाफ युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में धर्मांतरण कराने वाले मौलवी व अन्य को पुलिस टीम तलाश रही है।
इंस्पेक्टर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि शहर में रहने वाली युवती को एक मॉल में नौकरी के दौरान वर्ष 2017 में आरोपी आजम हसन शेख मिला था। उसने अपना नाम विनीत सिंह उर्फ बिल्टू बताकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद आजम ने मंदिर में युवती से शादी की। फिर कोलकाता स्थित अपने घर ले गया। वहां धर्म परिवर्तन कराने के साथ ही गर्भपात कराया।
उपनिरीक्षक उदित कुमार वर्मा की टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया था। आरोपी आजम को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने पूछताछ की है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी एकत्र की गई है। मामले में विवेचना की जा रही है। आरोपी मौलवी समेत परिजनों को भी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।