उत्तर प्रदेश में जाति व धर्म के नाम पर चल रही बुआ और भतीजे की दुकान 2017 के विधानसभा चुनाव में बंद हो जाएगी। भाजपा के सीएम का चेहरा अभी सेहरे के पीछे है। चेहरा समय आने पर सामने आएगा। परिवर्तन यात्रा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से यूपी में परिवर्तन होना पक्का है।
ये बातें सोमवार को जिले में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा को लेकर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने उतरौला के श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे व बलरामपुर के गोंदीपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि जाति तथा धर्म के नाम पर प्रदेश में राज करने वाली सपा तथा बसपा पार्टी का आगामी विधान सभा चुनाव में सफाया करने का मन जनता ने बना लिया है। लोगों को सांसद दद्दन मिश्र आदि ने भी संबोधित कर विपक्षी दलों पर हमला बोला। सिद्धार्थनगर जनपद की सीमा पर ही यात्रा का जिलाध्यक्ष राकेश सिंह तथा महामंत्री अजय सिंह पिंकू ने नेेतृत्व में सोमवार सुबह स्वागत किया गया।
उतरौला विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का पूर्व विधायक धीरू सिंह, राम प्रताप वर्मा, अनूप गुप्ता, राम दयाल यादव, महंत वीरेन्द्र दास, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष वैभव सिंह तथा अनिल श्रीवास्तव ने भारी भीड़ के साथ स्वागत किया। रास्ते में कृष्ण कुमार तथा जगदम्बा सोनकर आदि भाजपा नेताओं ने भारी समर्थन व जन सैलाब के साथ यात्रा का गोंदीपुर गांव में भव्य स्वागत किया। गोंदीपुर में जुटी भारी भीड़ को देखकर यात्रा में शामिल नेेता गदगद हो गए। यात्रा का नगर के अग्रवाल भवन में स्वागत किया गया।
भाजपा नेताओं ने अग्रवाल भवन में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नगर के वीर विनय चौराहे पर नेताओं ने शहीद विनय कायस्था की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बलरामपुर में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को यात्रा गैसड़ी तथा तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण करेगी।