दुबहा बाजार/गोंडा। कौड़िया शुक्ल गांव में रविवार दोपहर एसडीएम सदर न्यायालय के आदेश पर पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम पर एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। राजस्व निरीक्षक ने पिता-पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने पिता-पुत्री समेत तीन आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
कौड़िया के राजस्व निरीक्षक देवी प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के बच्चा लाल व दयावती के बीच में बंटवारे को लेकर चल रहे मुकदमे में न्यायालय के आदेश पर रविवार को टीम गई थी। राजस्व टीम मौके पर पहुंची तो बच्चा लाल ने न्यायालय के आदेश को मानने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि बच्चा लाल, उसकी पत्नी शांति देवी, बेटी शुभि, नीलू व बेटा कृष्ण दयाल फावड़ा-कुदाल लेकर हमलावर हो गए। लाठी-डंडों से पीटा व अभिलेख छीनकर फाड़ दिए। राजस्व टीम व पुलिस को फंसाने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के लिए अपने ही छप्पर में आग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाई।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बच्चालाल, शांति देवी व कृष्ण दयाल को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। (संवाद)