खरगूपुर में बिजली काटते कर्मी। स्रोत: विभाग
गोंडा। कहीं बिजली बिल जमा न करने के चलते बिजली काट दी गई तो कुछ स्थानों पर मरम्मत के चलते आपूर्ति ठप रही। आवास विकास और चुनाव कार्यालय में जनरेटर चलाकर किसी तरह से कामकाज किया गया। खरगूपुर समेत अन्य क्षेत्रों में बिजली कर्मियों ने अभियान चलाकर दूसरे दिन भी 1,348 घरों का कनेक्शन काटा।
एक्सईएन राम मोहन पांडेय का कहना है कि बिल जमा न करने से पावर कार्पोरेशन लगातार घाटे में चल रहा है। देवीपाटन मंडल के जिलों की प्रगति भी खराब है। दो चरणों में शत-प्रतिशत सरचार्ज की छूट के साथ ही मूल बिल में 25 और 20 प्रतिशत तक छूट दी गई है। छह लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा नहीं किया है। आवास विकास के अवर अभियंता संदीप यादव ने बताया कि कांशीराम कॉलोनी में अवैध कनेक्शन चल रहे थे।
मरम्मत के चलते गुल रही बिजली
अंबेडकर चौराहा विद्युत उपकेंद्र इलाके में मरम्मत कार्य के चलते करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही है। इस दौरान विकास भवन से लेकर कलेक्ट्रेट तक घंटों तक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता एसपी मिश्र का कहना है कि ट्रांसफार्मर आदि मरम्मत कार्य के चलते विकास भवन, हाउसिंग कॉलोनी और जेल रोड आदि क्षेत्र की बिजली गुल रही। बाद में आपूर्ति बहाल करा दी गई।