पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर में कजरी तीज मेले को लेकर तैयारियां परखते सीडीओ दयानंद प्रसाद, सीआरओ रिंक
गोंडा। 13 व 14 सितंबर को कजरी तीज को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को अधिकारियों ने शहर के दुखहरण नाथ मंदिर और खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम प्रियंका निरंजन के निर्देश पर सीडीओ दयानंद प्रसाद, सीआरओ रिंकी जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एसडीएम सदर जितेंद्र, एएसपी राधेश्याम सहित अन्य अफसरों ने दोनों मंदिरों के साथ कांवड़ मार्गों पर सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सरयू घाट करनैलगंज से पृथ्वीनाथ मंदिर और सरयू घाट से दुखहरण नाथ मंदिर तक मार्ग के किनारे विशेष सफाई कराने को कहा गया है। प्रमुख स्थानों पर कैमरे और मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन किया जाएगा।
डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।