गोंडा। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के लिए स्काउट गाइड (रोवर-रेंजर) इकाई में प्रवेश प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार 31 अगस्त से आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। कुल 48 पदों पर प्रवेश होगा, जिनमें रोवर और रेंजर के 24-24 पद शामिल हैं।
स्काउट प्रभारी डॉ. मनोज मिश्र ने बताया कि स्नातक एवं परास्नातक प्रथम तथा तृतीय सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकेंगे। बीए, बीकॉम, एमए और एमकॉम के विद्यार्थी मुख्य परिसर स्थित स्काउट-गाइड विभाग से आवेदन पत्र प्राप्त कर भरने के बाद वहीं जमा करेंगे। बीएससी, बीबीए, बीसीए, बीएससी कृषि एवं एमएससी के विद्यार्थी विज्ञान परिसर के रसायन विज्ञान विभाग से आवेदन पत्र प्राप्त कर जमा करेंगे। इच्छुक छात्र-छात्राओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से आवेदन करने की अपील की है। (संवाद)