आकांक्षा तिवारी व उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र। संवाद
गोंडा। बेलसर के मंगुरा बाजार स्थित निजी स्कूल के रिकॉर्ड संबंधी चूक ने एक छात्रा के भविष्य पर संकट खड़ा कर दिया है। आठवीं तक सभी शैक्षिक अभिलेखों में दर्ज जन्मतिथि हाईस्कूल की मार्कशीट में 36 वर्ष पीछे चली गई। नतीजा यह हुआ कि 19 वर्षीय छात्रा की उम्र अंकपत्र में 55 वर्ष से अधिक दर्ज हो गई। अब छात्रा अंकपत्र में जन्मतिथि ठीक कराने के लिए शिक्षा विभाग के चक्कर लगाने को मजबूर है। खरगूपुर के राजापुर निवासी आकांक्षा तिवारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर हाईस्कूल के अंकपत्र सहित अन्य शैक्षिक अभिलेखों में दर्ज जन्मतिथि संशोधित कराने की मांग की है। छात्रा का कहना है कि कक्षा आठ के ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) समेत पूर्व के सभी अभिलेखों में उसकी जन्मतिथि 01 जनवरी 2006 दर्ज है, लेकिन हाईस्कूल की मार्कशीट में इसे 01 अक्तूबर 1970 अंकित कर दिया गया।
छात्रा के अनुसार इंटरमीडिएट में प्रवेश के बाद भी यह त्रुटि रिकॉर्ड में बनी हुई है। उसने डीआईओएस कार्यालय में आधार कार्ड, आठवीं की टीसी और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करके अंकपत्र, यू-डायस और टीसी सहित सभी शैक्षिक अभिलेखों में संशोधन कराने का अनुरोध किया है। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय स्तर पर हुई लापरवाही के कारण बोर्ड को गलत विवरण भेजा गया, जिसका खामियाजा छात्रा को भुगतना पड़ रहा है। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि संबंधित स्कूल को चेतावनी दी गई है। अंकपत्र में संशोधन कराने की कार्रवाई की जा रही है।
आकांक्षा तिवारी व उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र। संवाद
आकांक्षा तिवारी व उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र। संवाद