यूपी बोर्ड परीक्षा में परिक्षार्थियों की अनुपस्थिति मोबाइल एप के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद को उपलब्ध न कराने पर सात स्कूलों के केंद्र व्यवस्थापकों से जवाब तलब किया गया है। डीआईओएस ने इन केंद्र व्यवस्थापकों को नोटिस जारी किया है। परिषद का आदेश तत्काल न मानने पर केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने सोमवार को बताया कि जिले के सात परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद को परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा सचिव शैल यादव ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल मोबाइल एप के जरिए परिषद को हर पाली के परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद द्वारा परीक्षा से शुरू होने से पहले मोबाइल ऐप के माध्यम से हर पाली में परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति उपलब्ध कराने का निर्देश् दिया था।
निर्देश का अनुपालन करते हुए जिले के सभी 54 केंद्र व्यवस्थापकों को मोबाइल एप के जरिए परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति उपलब्ध कराने को कहा गया था।
निर्देश का अनुपालन न करने वाले मोहनलाल रामलाल इंटर कॉलेज शिवपुरा, बीपीएस इंटर कॉलेज रेहरा बाजार, किसान इंटर कॉलेज गनेशपुर धवाई, कस्तूरबा आर्य बालिका इंटर कॉलेज तुलसीपुर, गांधी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बढ़ईपुरवा, स्व. रामतीरथ चौधरी इंटर कॉलेज इमिलिया बनघुसरा व शेख मंसूर अली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़वा के केंद्र व्यवस्थापकों को नोटिस जारी किया गया है।
सभी केंद्र व्यवस्थापकों को मोबाइल एप पर उपलब्ध कराने में आ रही समस्या का तत्काल निराकरण कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के पटल लिपिक परवीन सिंह से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।