गोंडा। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान शनिवार को बायोमीट्रिक सत्यापन से एक और फर्जी अभ्यर्थी को पकड़ लिया गया। सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज केंद्र में ई केवाईसी सत्यापन के दौरान जन्मतिथि में हेरफेर कर परीक्षा देने पहुंचे विवेक यादव को पकड़ा गया है।आयोग के निर्देश पर उसके खिलाफ नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिले के 18 केंद्रों पर शनिवार को एक पाली में टीईटी का आयोजन हुआ। इसमें 7640 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 5867 शामिल हुए। 1773 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी विवेक यादव का बायोमीट्रिक सत्यापन कराया गया। उसका चेहरा तो मिल गया, लेकिन ई केवाईसी का मिलान नहीं हुआ। जांच में सामने आया कि शैक्षिक अभिलेखों और आधार कार्ड में उसकी जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज है। पूछताछ में अभ्यर्थी ने भी जन्मतिथि में अंतर होने की बात स्वीकार की।
केंद्राध्यक्ष गिरिजा मिश्रा ने इसकी सूचना उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेजी। आयोग के निर्देश पर नगर कोतवाली में विवेक यादव के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि बायोमीट्रिक और ई केवाईसी सत्यापन के कारण किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत पकड़ लिया जाता है। जिले में टीईटी के दौरान अब तक दो अभ्यर्थी फर्जीवाड़े के आरोप में पकड़े जा चुके हैं।