फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: कुत्तों के हमलों में एक और मासूम घायल, हालत गंभीर

Sun, 08 Mar 2026 11:36 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
धानेपुर/मुजेहना। नगर पंचायत के वार्ड-4 गोरथनिया में रविवार को एक और मासूम देवांशी पर कुत्तों ने हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया है। छह वर्षीय देवांशी को मुजेहना सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन


गोरथनिया निवासी शिवकुमार यादव ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे भतीजी देवांशी घर से कुछ दूर स्थित बृजेश वर्मा के यहां पूजा का प्रसाद लेने के लिए जा रही थी। घर से करीब 100 मीटर दूर बाग में बैठे कुत्तों ने देवांशी पर हमला कर दिया। उसे चारों तरफ से घेरकर नोंचने लगे। सहमी देवांशी भाग तक न सकी और गिरकर छटपटाने लगी। एक राहगीर की बच्ची पर नजर पड़ी तो उसने लोगों को आवाज दी।आसपास के लोगों ने तुरंत कुत्तों को खदेड़कर देवांशी को बचाया। मगर तब तक कुत्तों ने उसे नोंचकर लहूलुहान कर दिया। उसके गर्दन, सीने, पैर, पीठ आदि अंगों पर गहरे घाव हो गए।
देवांशी को मुजेहना सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची के शरीर पर 25 जख्म हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। नगर पालिका की ईओ रागिनी वर्मा का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। अगर कोई सूचना देता है तो कुत्तों को पकड़वाने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन

कुत्तों के हमले में जा चुकी है मुस्कान की जान


बीते 14 फरवरी को ही नगर पंचायत धानेपुर के वार्ड नंबर-5 कल्याणनगर में कुत्तों के हमले में पांच वर्षीय मुस्कान की मौत हो गई थी। इसके बाद भी नगर पंचायत के अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई। नतीजतन एक महीने के भीतर ही कुत्तों के हमले की दूसरी घटना हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार हो रहे कुत्तों के हमले को लेकर नगर पंचायत के अधिकारी जरा भी गंभीर नहीं हैं।
घटना के बाद दहशत का माहौल


दादी बड़कनी का कहना है कि देवांशी के पिता नानबाबू राजकोट में मजदूरी करते हैं। बहू रेखा अपने दो बच्चों देवांशी व नितिन के साथ रहती है। कुत्तों के हमले से लोगों में दहशत है। हालांकि नगर पंचायत व अन्य विभाग से मौके पर कोई नहीं पहुंचा। कुछ स्थानीय लोगों ने कुत्तों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें