घंटों बैंक में लाइन लगाने के बाद भी कैश न मिलने से ग्राहकों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक डेहरास के सामने परसपुर-रगड़गंज मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
लोगों ने बताया कि वे लोग कई दिनों से बैंक का चक्कर काट रहे हैं। किसी के परिवारीजन बीमार हैं तो किसी को बच्चे की फ़ीस जमा करनी है। किसी को खेतों में फसल की बोआई करनी है, परंतु उनका बैंकों में जमा रुपया नहीं मिल पा रहा है। जिससे बैंक ग्राहकों में आक्रोश व्याप्त हो गया है।
ग्राम मधई पुर खंडेराय निवासी राबीउल्ला खान काफी बीमार हैं तथा चार दिनों से बैंक आते हैं और रुपया न मिलने पर लौट जाते है। ग्राम जसकरन पुरवा डेहरास निवासिनी जशोदा ने बताया कि उनके पति बीमार हैं। पैसे के लिए एक हफ्ते से बैंक का चक्कर लगा रही हैं।
रूपीपुरवा के रामजग ने बताया कि उनका खेत नहीं बो पाया है। रुपये के लिए चार दिनों से बैंक आ रहे हैं। इसी तरह चंगेरी निवासी जगतराम ने भी बताया कि वे पांच दिनों से बैंक आ रहे हैं, बीमार हैं, परंतु उनका ही रुपया नहीं मिल रहा है।
गुरुवार को लोगों का धैर्य जवाब दे गया तथा बैंक के सामने परसपुर-रगड़गंज मार्ग को दो घंटे तक जाम कर अपना आक्रोश प्रकट किया। जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों का लंबी लाइन लग गयी।
मसकनवा बाजार के गौराचौकी मार्ग पर एसबीआई में सुबह से ही महिलायें, बुजुर्ग, किसान, छात्र, नौजवान कतार में लग गये। एसबीआई की मसकनवा शाखा में दो हजार रुपये का ही भुगतान हो रहा था। यहां लाइन में लगी नेवादा गांव की शिवकुमारी ने बताया कि वह चार दिन से बैंक का चक्कर लगा रही है।
उसे लड़की के इलाज के लिए 20 हजार रुपये की जरूरत है, लेकिन बैंक में केवल दो हजार रुपये का भुगतान किया जा रहा है। लाइन में लगे मसकनवा के मुश्ताक ने बताया कि उसे पांच हजार की जरूरत है। पैसा निकालने के लिए वह सुबह बैंक खुलने के पहले ही लाइन में लग गये हैं।
मुश्ताक का कहना है कि पैसा निकालने के लिए वह तीन दिन से बैंक का चक्कर काट रहा है। शाखा प्रबंधक दयाशंकर शुक्ला ने बताया की बैंक में कैश की कमी है जिसके कारण दो हजार रुपये का भुगतान किया जा रहा है। यही हाल मसकनवा बाजार के इलाहाबाद बैंक का है जहां लोगों को एक हजार का भुगतान किया जा रहा है।