नोटबंदी के 36वें दिन भी जिलेभर के एटीएम व बैंक शाखाओं में कैश निकालने के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ जुटी रही। घंटों लाइन लगने पर भी कैश नहीं मिलने पर लोगों को मायूस होना पड़ा। बैंक ग्राहकों ने नोटबंदी के चलते हो रही अव्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बैंक ग्राहक सुधीर कुमार, अजय, सुनील, रमेश, दिनेश, शिवमंगल, मोहित, सलीम आदि ने आरोप लगाया कि दिनभर बैंक में लाइन लगाने के बाद भी रुपये की निकासी नहीं हुई। इससे तमाम आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। घर खर्च तक चलाना दूभर हो रहा है।
इन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नकदी की व्यवस्था बैंकों में नहीं कराई गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। उधर, एटीएम की लाइन में लगे बलदेव, विनोद, महमूद, राजकुमार, दीपक आदि ने आरोप लगाया कि जिले के तमाम एटीएम नोटबंदी के 36 दिन बाद भी सुचारु रूप से संचालित नहीं हो सके हैं।
बुधवार को चंद एटीएम में ही कैश होने के चलते दिनभर ग्राहकों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। मगर लाइन में लगे कुछ लोग ही रकम निकाल पाए थे कि एटीएम में कैश खत्म हो गया। दूसरी ओर कैशलेस सिस्टम कमजोर होने के चलते लोगों को बैंक व एटीएम का ही सहारा लेना पड़ रहा है। एलडीएम आरवीएस राजपूत ने बताया कि कैश के कमी दूर नहीं हो रही है। इसी वजह से लोगों को रुपये नहीं मिल पा रहे हैं। जिले में कैश के कमी के संबंध में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।