गैसड़ी बाजार में संचालित इलाहाबाद बैंक कर्मियों पर ग्राहकों ने लापरवाही का आरोप लगाया। सोमवार को लेट-लतीफ बैंक खुलने पर ग्राहकों ने कर्मियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सोमवार को प्रदर्शन कर रहे बैंक ग्राहक हरीराम, अकबर, मकबूल, मनीराम, सुखना व संतोष आदि ने कहा कि अफसरों व कर्मियों की लापरवाही के चलते महत्वपूर्ण कार्य करने में दिक्कत हो रही है।
बैंक के प्रबंधक से शिकायत करने के बावजूद कर्मियों की कार्यशैली में सुधार नहीं हो रहा है। देर में बैंक खुलने के बाद घंटों लाइन लगाकर पैसे लेने व जमा करने के लिए इंतजार करना पड़ता है।
ग्राहकों को पेमेंट करने के बजाय बैंक कर्मी बातचीत में उलझे रहते हैं। बैंक ग्राहकों ने लीड बैंक प्रबंधक को पत्र भेजकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने व बैंक में लेनदेन कार्य को सुगम बनाने की मांग की है।
प्रबंधक मायापति का कहना है कि ग्राहकों को बेहतर सेवाए देने का प्रयास किया जा रहा है। अधिक खाताधारक होने के चलते भुगतान करने में समय लगता है। सभी ग्राहकों से बैंक के कार्य में सहयोग करने की अपील की गई है।