मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं माध्यमिक विद्यालयों में कराए जाने के शासनादेश का विरोध शुरू हो गया है। आल इंडिया टीचर्स एशोसिएशन मदारिसे अरबिया के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं मदरसों में ही कराए जाने की मांग की है।
जिला महासचिव रियाज अहमद खां के नेतृत्व में आल इंडिया टीचर्स एसोसिएशन मदारिसे अरबिया के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री तथा अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शासन ने मदरसा बोर्ड 2016 की परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए राजकीय व माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
शासन के इस निर्णय से मदरसा प्रबंधकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं में काफी आक्रोश व्याप्त है। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं राजकीय व माध्यमिक विद्यालयों में कराए जाने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा होगा और छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए इधर-उधर जाने में काफी कठनाइयां भी होंगी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री से मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं मदरसों में ही कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय मोहम्मद खालिद, मोहम्मद असलम अंसारी, मोहम्मद रफीक, अब्दुल मोईद आदि मौजूद रहे।