गोंडा। गर्मी के तेवर हर दिन बढ़ते जा रहे हैं। झुलसाने वाली गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। लगातार पसीना बहने के कारण लोगों में डिहाइड्रेशन की समस्या होने लगी है। लोगों का कहना है कि यही हाल रहा तो तमाम संक्रामक बीमारियां फैलने लगेंगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार की रात को ठंडी हवाएं चलीं। मौसम खुशनुमा रहा, लेकिन सुबह होते ही एक बार फिर लोगों को गर्मी सताने लगी। मंगलवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। ऐसे में जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले। दोपहर में सड़कों व बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
धानेपुर निवासी अमन मिश्र और इटियाथोक के रहने वाले अखिलेश का कहना है कि सूरज की तीखी किरणें दिन चढ़ने के साथ ही झुलसाने लगती हैं। दिन के अलावा रात को भी उमस बनी रहती है। शहर के गायत्रीपुरम निवासी राजेश और हरिओम का कहना है कि आसमान से आग बरस रही है।