कटरा बाजार। चंदवतपुर में टेढ़ी नदी के पुल के पास बृहस्पतिवार को टेढ़ी नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में डूबे युवक की तलाश शुक्रवार को भी जारी रही। एसडीआरएफ ने आठ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पिपरा पदुम गांव निवासी पुत्तन (30) नदी में नहाते समय तेज धारा की चपेट में आ गए थे। देर रात तक स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम को सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को स्थानीय गोताखोरों, पुलिस की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम बोट की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू की। दिनभर खोजबीन के बावजूद पुत्तन का कुछ पता नहीं चल सका। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि तलाश की जा रही है। शनिवार को भी टीम लगाई जाएगी।
सपा नेता सूरज सिंह ने मौके पर पहुंचकर पुत्तन के बड़े भाई शंकर दयाल से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। कहा कि 10 वर्ष में सरकार यहां पुल नहीं बनवा पाई है। नाकामी के कारण कोई न कोई यहां डूब जाता है।