गोंडा के मोतीगंज में टूटा रेलवे ट्रैक।
- फोटो : GONDA
गोंडा। स्टेशन मास्टर की सूझबूझ से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मोतीगंज स्टेशन के डाउन ट्रैक पर ट्रेन पास होते ही ट्रैक टूट गया। इस नाते डाउन ट्रैक पर एक घंटे तक आवागमन ठप रहा।
शुक्रवार की देर रात 2.48 बजे अमृतसर से सहरसा जा रही जनसेवक एक्सप्रेस ट्रेन जब मोतीगंज रेलवे स्टेशन से रन थ्रू जा रही थी तो स्टेशन मास्टर एलके दूबे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर पास कर रहे थे। ट्रेन के चले जाने के बाद स्टेशन मास्टर की नजर संबंधित ट्रैक पर पड़ी तो देखा कि ट्रैक लाल हो गया है। जिस पर स्टेशन मास्टर ने तत्काल मौके पर उपस्थित प्वाइंट मैंन आरबी तिवारी को ट्रैक का अवलोकन करने भेजा।
कर्मियों ने देखा कि 642 किमी पर नंबर 8 व 10 के मध्य ट्रैक टूटा है। तत्काल स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल को सूचना दी। करीब एक घंटे तक डाउन ट्रैक पर संचालन ठप रहा। इस बीच डाउन साइड पर आने वाली बिहार संपर्क क्रांति, सप्तक्रांति, कोचीन व आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन को अप ट्रैक से गुजारा गया। मोतीगंज के स्टेशन मास्टर एलके दूबे ने बताया कि शनिवार की भोर 4 बजे ट्रैक को ठीक कर लिया गया और कासन पर ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।