फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: अटक रही एंबुलेंस सेवा, सूख रहे किसानों के खेत

Fri, 27 Mar 2026 11:31 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज के सामने पंप पर डीजल डलवाने पहुंची एंबुलेंस और धानेपुर में पंप खुलने से पहले ही लग
विज्ञापन
गोंडा। जिले में पेट्रोल-डीजल की अचानक बढ़ी मांग से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़ और अव्यवस्था के कारण न केवल लोग परेशान हैं, बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। बीते दो दिन में करीब 25 एंबुलेंस डीजल नहीं मिल पाने से फंस गईं, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद ईंधन उपलब्ध कराया जा सका।
विज्ञापन

जिले में संचालित 108 सेवा की 39 और 102 सेवा की 40 एंबुलेंसों को इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों से ईंधन मिलता है, लेकिन मौजूदा हालात में चालकों को लंबी कतारों से जूझना पड़ रहा है। एंबुलेंस कर्मियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित पंप पर डीजल नहीं मिला। इसके बाद दूसरे पंप पर भी वही स्थिति रही। अंततः तीसरे पंप पर एंबुलेंस को डीजल मिल सका। निजी अस्पतालों की एंबुलेंस का भी यही हाल है।
एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि बीते दो दिन में 25 चालकों ने डीजल के लिए लंबी लाइन में फंसने की शिकायत की। इसके बाद पेट्रोल पंप प्रबंधकों और लखनऊ स्थित अधिकारियों से समन्वय कर किसी तरह एंबुलेंसों के लिए ईंधन की व्यवस्था कराई गई।
विज्ञापन

शहर के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। अधिकांश पेट्रोल पंप खाली हो चुके हैं, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए डीजल लेने 30 से 35 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। उज्जैनी कला से 35 किलोमीटर दूर शहर के गुरुनानक चौक के पंप पर आए भीमपाल सिंह ने बताया कि मुजेहना और धानेपुर के सभी पंप पर डीजल खत्म हो गया है। सुबह आठ बजे शहर पहुंचने के बाद भी दोपहर तक पंप परिसर में प्रवेश ही नहीं मिल पाया। सालपुर निवासी रामकुमार चौरसिया भी चार घंटे तक लाइन में लगे रहे। वहीं, भीटी पटखौली से 15 किलोमीटर दूर शहर के पंप पर आए दिलीप वर्मा को भी लंबे इंतजार के बाद भी निराशा हाथ लगी। किसानों का कहना है कि समय पर डीजल न मिलने से जोताई और सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसल पर संकट गहराने लगा है।
कई पंपों पर ऑनलाइन भुगतान बंद
स्थिति को देखते हुए शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ऑनलाइन भुगतान बंद कर दिया गया है। अब केवल नकद भुगतान पर ही ईंधन दिया जा रहा है। इसके लिए पंपों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।
एंबुलेंस को दें प्राथमिकता
एंबुलेंस सेवा के जिला प्रबंधक पवन पांडेय ने अपील की है कि एंबुलेंस चालकों को खाली समय में ही डीजल भरवाना चाहिए, ताकि इमरजेंसी सेवाओं का रिस्पांस टाइम प्रभावित न हो। साथ ही आमजन से भी अनुरोध किया है कि पेट्रोल पंपों पर एंबुलेंस को प्राथमिकता दें, क्योंकि देरी होने से किसी मरीज के जीवन पर संकट गहरा सकता है।

मेडिकल कॉलेज के सामने पंप पर डीजल डलवाने पहुंची एंबुलेंस और धानेपुर में पंप खुलने से पहले ही लग

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें