राष्ट्रहित सर्वोपरि है और उसके निर्माण में सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यह बातें शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय छावनी सरकार में चल रहे लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के एनएसएस शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने कहीं। उन्होंने कहा कि ये सोच बदलना कठिन पर असंभव नहीं है। किसी की सोच बदलने से पहले हमें अपनी सोच को बदलने की जरूरत है।
विशिष्ट अतिथि बीएसए डॉ. फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रतिभागिता से छात्र-छात्राओं को सर्वांगीण विकास होता है।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव कश्मीर सिंह सलूजा ने कहा कि महाविद्यालय में पठन, पाठन, अनुशासन का अच्छा माहौल बनाने में छात्र-छात्राओं की महती भूमिका होती है।
प्रधान संघ के अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह ने कहा कि शिविर की छात्र-छात्राओं ने ग्राम पंचायत में जाकर ग्रामीणों को जागृत किया है, उससे ग्राम प्रधान का काम आसान हो गया है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय छावनी सरकार की प्रधानाध्यापिका रीता मिश्रा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण प्रताप सिंह व डॉ. ममता शुक्ला ने अतिथियों को शाल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में दीपिका त्रिपाठी, अर्पिता सिंह, आयुषी पांडेय, लवली गुप्ता, शिवांगी श्रीवास्तव, शिवानी जायसवाल, सीमा सिंह, श्वेता पांडेय, नैंसी, अंशिका ने स्वागत गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।