गोंडा हसनगढ प्रधान के घायल भाई वसीस का इलाज करते चिकित्सक
- फोटो : GONDA
ग्राम हसनगढ़ और गांव नगला पतिया के लोगों में बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे झगड़ा हो गया। एक पक्ष पर गोली चलाने की भी आरोप है। गोली लगने से हसनगढ़ ग्राम प्रधान हीरो खां का भाई वसीम (18) घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों का कहना है कि झगड़े के दौरान कई राउंड फायरिंग की गई।
थाने में दी तहरीर में घायल वसीम के पिता वहीद खां निवासी हसनगढ ने कहा है कि 26 मई को गांव नगला पतिया निवासी हरेंद्र सिंह, रिंकू व सुरेन्द्र सिंह पुत्र छत्रपाल सिंह ने वहीद खां के खेत से नलकूप के पंखे को चोरी कर लिया था। चोरी की घटना को उक्त तीन लोगों ने अंजाम दिया। इस बात का पता चलने पर वहीद ने हरेंद्र्र से पंखा को वापस करने को कहा। हरेंद्र ने वहीद से फोन पर गाली गलौज कर दी। वहीद ने बताया कि हरेंद्र बदमाश किस्म का व्यक्ति है।
आरोप है कि बृहस्पतिवार को शाम तीन बजे वसीम गांव हसनगढ और नगला पतिया के बीच खेतों पर पानी लगा रहा था। तभी वहां हरेंद्र, रिंकू, सुरेन्द्र सिंह पुत्र छत्रपाल सिंह, गोपाल सिंह पुत्र सौदान सिंह व भोला पुत्र गोपाल हाथों में राइफल तमंचा लेकर पहुंच गए तथा योजना के तहत जान से मारने की नीयत से वसीम को ललकारते हुए उस पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर ग्राम प्रधान हीरो खां अपने भाई को बचाने पहुंच गए। आरोप है कि प्रधान पर भी जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जिसमें वह बाल बाल बच गए। शोर करने पर हमलावर भविष्य में देख लेने की धमकी देकर फरार हो गए। प्रधान ने पीआरवी व थाना प्रभारी अनुज कुमार सैनी को सूचना दी, जिस पर थाना प्रभारी अनुज कुमार सैनी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उधर, घायल को परिवार के लोग सीएचसी लेकर आए। जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस गांव में रात्रि को गश्त करेगी।