गोंडा। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत जिले के नौ गांवों में शुक्रवार को कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती के तरीके बताए।
पंडरी कृपाल विकासखंड के बराराय सोनापार में भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डाॅ. आरआर वर्मा ने किसानों को पोषक तत्व प्रबंधन, हरी खाद की खेती, मृदा परीक्षण, कार्बनिक खादों के प्रयोग की जानकारी दी। राष्ट्रीय मत्स्य आनुवांशिकी संसाधन ब्यूरो लखनऊ के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने मिश्रित मत्स्य पालन तकनीक तथा डॉ. राघवेंद्र सिंह ने मत्स्य आहार प्रबंधन, रंगीन मछलियों का व्यावसायिक उत्पादन के बारे में जानकारी दी।
उप निदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर ने पीएम किसान सम्मान निधि, केसीसी के बारे में जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रामलखन सिंह ने खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती, धान की सीधी बुवाई, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त ठड़वरिया, गजाधरपुर, गौशेंद्रपुर, माधवगंज, रानीजोत व बेलहरी में भी किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।