बालपुर (गोंडा)। विकास खंड हलधरमऊ के परसा गोड़री के शिवशंकर पुरवा में 26 दिनों से धनई पट्टी सरयू नहर खोदाई के विरोध में धरना प्रदर्शन जारी है। लगातार जिले के प्रशानिक अधिकारी किसानों का धरना समाप्त कराने के लिए प्रयास कर रहे है। लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े हैं।
सोमवार को किसानों के धरने की अगुवाई सपा के जिला सचिव एवं पूर्व प्रधान नंद किशोर ओझा ने की। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ समाजवादी पार्टी पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे की अगुवाई में किसानों के साथ खड़ी है। किसी भी दशा में किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
सिंचाई विभाग ने घोटाला किया है। जिसका खामियाजा किसान नहीं भुगतेंगे। सपा सरकार आने पर किसान के साथ धोखा करने वाले जेल जाने को तैयार रहें। सरकार जब तक किसानों को नए सर्किल रेट पर मुआवजा नहीं देती है, किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।
अगर किसानों के साथ जबरदस्ती करके नहर खोदाई करने का प्रयास किया गया तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरने लिए विवश हो जाएगी। महिला बुजुर्ग किसान सुषमा देवी कहती हैं कि बार-बार हमारे साथ धोखा हो रहा है।
विभाग गुपचुप तरीके से जबरदस्ती नहर खोदाई करना चाहता है। इसलिए हम अपने परिवार के साथ सर्द हवा के बीच रतजगा कर रहे हैं। जब तक नये सर्किल रेट से मुआवजा नहीं मिलेगा आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान रंगनाथ मिश्र, सुन्दरम, आकाश, कैलाश नाथ, ब्रजेश, दिनेश, रिकी, गुड़िया, सुशीला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।