गोंडा। मोतीगंज-झिलाही स्टेशन के बीच हादसे में क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक को दुरुस्त कर दिया गया। बचाव कार्य में लगे रेलकर्मियों व अफसरों की मेहनत रंग लाई और 32 घंटे बाद शुक्रवार देर रात रेल परिचालन पूरी तरह से बहाल हो गया। शनिवार को जांच के साथ ही ट्रैक की सुरक्षा व संरक्षा की कवायद तेज कर दी गई है।
डाउन लाइन से ट्रायल के तौर पर शुक्रवार रात सवा दस बजे नवगछिया के लिए मालगाड़ी चलाई गई। इसके बाद नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन को देर रात 11.30 बजे रवाना किया गया। शाम 05:09 बजे पहली मालगाड़ी अप लाइन पर सफलतापूर्वक निकाली गई। फिर देर शाम 07.09 बजे गोरखधाम एक्सप्रेस को रवाना किया गया। नई दिल्ली से दरभंगा स्पेशल ट्रेन (02570) यात्रियों को लेकर मोतीगंज स्टेशन से रात 11 बजकर 20 मिनट पर चलाई गई। यह ट्रेन गोंडा जंक्शन पर पहले से खड़ी थी। साढ़े 11 बजे क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत के बाद ट्रेन इसी ट्रैक से गुजरी। इस दौरान रेलवे के अफसरों के साथ ही आरपीएफ व जीआरपी की टीम मौजूद रही।
पिकौरा गांव के पास चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन बृहस्पतिवार दोपहर पौने तीन बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। जिसके कारण गोंडा से गोरखपुर व गोरखपुर से गोंडा तक ट्रेनों का संचालन ठप हो गया था। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि करीब 32 घंटे के बाद अप व डाउन ट्रैक पर गाड़ियां चलाकर रेल परिचालन सामान्य घोषित किया गया।