गोंडा में मोतीगंज थाना में पीड़ितो की फरियाद सुनते अधिकारी। -संवाद
गोंडा। जिले के मोतीगंज इलाके के तुर्काडीहा में पट्टीदार से रास्ते के विवाद में दौड़ते-दौड़ते पांच साल बीत गया। मगर शनिवार को मोतीगंज पुलिस व नायब तहसीलदार की पहल के बाद समाधान हो सका है। ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाकर समस्या समाधान कराया गया। इसके बाद दोनों परिवारों को चेहरे पर खुशी नजर आई है। थाना समाधान दिवस पर एसपी विनीत जायसवाल समेत अफसरों ने समस्या सुनवाई के बाद समस्या समाधान के निर्देश दिए हैं।
मोतीगंज संवाद के अनुसार, तुर्काडीहा निवासी राम अवतार तिवारी का अपने पट्टीदार से पिछले पांच सालों से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर नायब तहसीलदार अनुराग पांडेय और महिला इंस्पेक्टर अनीता यादव की पहल पर दोनों परिवारों के चेहरे पर खुशी दौड़ पड़ी। ग्राम प्रधान आशा देवी और लेखपाल प्रवीण शुक्ल की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत कर हल निकाल दिया गया।
धानेपुर संवाद के मुताबिक उज्जैनीकला निवासी महेश सिंह पिछले एक साल से दो बिस्वा जमीन का रकबा पाने के लिए डीएम व एसपी समेत अफसरों से गुहार लगाई। मगर इस बार समाधान दिवस के बाद थानाध्यक्ष सुनील सिंह और कानूनगो शिवदास आधा दर्जन लेखपालों के मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। जिसके बाद समस्या समाधान कर चेहरे पर खुशी लौटाई है। इसी तरह एसपी विनीत जायसवाल ने छपिया पहुंचकर तीन मामलों का मौके पर निस्तारण कराया है। यहां समाधान दिवस पर महज चार आवेदन मिले हैं।
मनकापुर कोतवाली में एसडीएम यशवंत राव, वजीरगंज में एसडीएम (न्यायिक) सुशील कुमार, परसपुर में एसडीएम भारत भार्गव और करनैलगंज कोतवाली में सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह समेत अफसरों ने सुनवाई की है।
सक्रिय दिखे थानेदार, लेखपालों के न पहुंचने से छायी मायूसी
थाना समाधान दिवस पर करनैलगंज, धानेपुर, वजीरगंज और मनकापुर कोतवाली समेत अन्य थानों में थानेदार पूरी तरह से सक्रिय नजर आए हैं। धानेपुर थाना क्षेत्र के पूरे नेवल पहड़वा निवासी राम चंदर ने बताया कि चकरोड को जोत दिया गया है। ऐसे में लंबे समय से खाली कराने की मांग कर रहे हैं। महिला लेखपाल सुप्रिया सिंह के समाधान दिवस पर न पहुंचने से उन्हें मायूसी हाथ लगी है। उन्हें डर है कि चकरोड कब्जा करने के मामले पर किन्हीं उनके खिलाफ न कार्रवाई कर दी जाए। इसके लिए थाने से लेकर तहसील तक चक्कर लगा रहे हैं।