ग्राम न्यायालय की स्थापना के पक्ष में मंगलवार को शांति मार्च निकालते बहराइच अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
प्रदेश में अधिवक्ताओं पर हो रहे जानलेवा हमले व बढ़ रहीं हत्याओं की घटना के विरोध में शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर वकीलों ने जुलूस निकाला और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
वकीलोें पर हो रहे हमलों के विरोध में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिंदेश्वरी प्रसाद दूबे व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार श्रीवास्तव, मंत्री जमील अहमद, विजय प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर से दीवानी परिसर में जुलूस निकाला गया। इसके बाद कोषागार का घेराव कर सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिंदेश्वरी प्रसाद दूबे ने कहा कि प्रदेश के जिन जिलों में अधिवक्ताओं की हत्या हुईं, उनके आश्रितों को कम से कम 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता, मृतक के परिवारीजनों में एक योग्य व्यक्ति को राज्य सरकार में नौकरी व इच्छुक परिवारीजनों को शस्त्र लाइसेंस दिलाने के अलावा प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग की।
सभा को ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव, गणेश श्रीवास्तव, माधवराज मिश्र, रविचंद्र त्रिपाठी, रामबुझारत दूबे, गोकरननाथ पांडेय, इंद्रमणि शुक्ल ने संबोधित किया। सभा के समापन पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।