तहसील करनैलगंज में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में आंदोलन कर रहे अधिवक्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट व दीवानी परिसर से जुलूस निकाला। वकीलों का हुजूम कार व बाइक से सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए बालपुर पहुंचा, जहां अधिवक्ताओं ने बालपुर पुल पर सड़क जाम कर सभा की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष माधवराज मिश्र व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार मिश्र की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं ने तहसील करनैलगंज में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में कलेक्ट्रेट व दीवानी परिसर में जुलूस निकाला।
वकीलों का जुलूस कार व बाइक से सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मुख्यालय से दस किलोमीटर दूरी पर बालपुर पहुंचा। जुलूस की अगुवाई कर रहे बार एसोसिएशन के महामंत्री रहस्य बिहारी मिश्र व सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री आनंदराज सिंह ने ग्राम न्यायालय की स्थापना मुख्यालय पर करने के लिए सरकार से मांग करते हुए आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया।
अधिवक्ताओं को जुलूस बालपुर पुल पर पहुंचा, जहां यहां अधिवक्ताओें ने सभा की। सभा को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष माधवराज मिश्र ने कहा कि ये लड़ाई जनता की है।
जनता को संदेश देने के लिए आए हैं। इस मौके पर कौशल किशोर पांडेय, मोहम्मद रईस खां, राजेश मिश्र, कौशलेंद्र मिश्र, सुरेंद्र मिश्र, शेषमणि दूबे, रामकरन मिश्र, कृष्ण कुमार मिश्र, राजेश दूबे, गणेश मिश्र, जितेंद्र सिंह, सुरेंद्रनाथ मिश्र, विजय प्रताप द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
उधर, करनैलगंज में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर तहसील मुख्यालय पर ग्राम न्यायालय की स्थापना के सरकार के फैसले को उचित बताया है। न्यायालय स्थापना की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन भी किया।