दीनदयाल शोध संस्थान एवं कृषि विज्ञान केंद्र गोंडा के तत्वावधान में प्रगतिशील महिला किसान सम्मेलन मंगलवार को भक्तिधाम मन्दिर परिसर में हुआ। जिसका उद्घाटन माधवराव सदाशिव राव गोलवलकर गुरुजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन के साथ हुआ।
समारोह को सम्बोधित करते हुये संयुक्त कृषि निदेशक आरसी शुक्ल ने किसानों को आत्मनिर्भर बनने के लिए नई तकनीक को अपनाने की सलाह दी।
उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने कहा कि खेती जैसे कार्य में महिलाओं की बराबर की भूमिका है। उन्होंने मृदा परीक्षण, कृषि रक्षा रसायन के प्रयोग व पर्यावरण सन्तुलन की जानकारी देते हुए कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती की जाए तो अच्छी उपज के साथ ही बेहतर लाभ प्राप्त होगा।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक प्रज्योति कुमार त्रिपाठी व जिला पंचायत सदस्य प्रतिभा सिंह ने कहा कि किसानों को नई तकनीक व सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
दीन दयाल शोध संस्थान के रामकृष्ण तिवारी ने कहा कि राष्ट्रऋषि नाना जी देशमुख की परिकल्पना थी कि समाज का सर्वांगीण विकास हो।
दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि व महिला स्वावलम्बन सहित तमाम प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। इस अवसर पर सांसद आदर्श ग्राम लक्ष्मनपुर लालनगर में जन शिक्षण संस्थान द्वारा चलाये जा रहे सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण में शामिल छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम के वैज्ञानिक डॉ. उपेन्द्र नाथ सिंह ने किया। कार्यक्रम में चिन्मय ग्रामोदय विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।