खोड़ारे (गोंडा)। आईआरसीटीसी वेबसाइट में सेंधमारी करके पांच-छह साल में ही करोड़ों के मालिक बने गैंगेस्टर के आरोपी शमशेर आलम की प्रॉपर्टी शनिवार को तहसीलदार मनकापुर की टीम ने संरक्षित कर ली। तहसीलदार मनकापुर ने बताया कि यह कार्रवाई डीएम बस्ती के आदेश पर की गई है।
बता दें कि थाना खोड़ारे क्षेत्र के कोल्ही गरीब का रहने वाला शमशेर आलम रेलवे आईआरसीटीसी वेबसाइट में सेंधमारी करके पांच से छह साल में करोड़ों का मालिक बन गया। इसका खुलासा शमशेर के बनगंवा स्थित ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल में हुए विस्फोट के दौरान हुआ। मुंबई की आरपीएफ टीम ने इसकी जांच शुरू की थी। बाद में मामले में बस्ती आरपीएफ ने शमशेर को गिरफ्तार कर गैंगेस्टर की कार्रवाई की।
इसी मामले में डीएम बस्ती आशुतोष निरंजन ने शमशेर की प्रापर्टी संरक्षित करने के आदेश गोंडा डीएम को भेजा। जिसपर शनिवार को तहसीलदार मनकापुर मिश्री सिंह चौहान, चौकी प्रभारी गौरा सत्येन्द्र वर्मा की टीम ने शमशेर के बनगंवा स्थित ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल को सीज करते हुए आरओ प्लांट व जमीन का संरक्षित कर ली है। तहसीलदार ने बताया कि डीएम बस्ती के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।