गोंडा। बिजली बिल राहत योजना के प्रचार-प्रसार और उपभोक्ताओं को छूट का लाभ दिलाने में लापरवाही बरतने के आरोप में मनकापुर के अधिशासी अभियंता कमर फारुख और श्रावस्ती के अधिशासी अभियंता राजनारायण को चार्जशीट दी गई है। इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ प्रबंध निदेशक से कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
मुख्य अभियंता देवीपाटन जोन यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि तरबगंज और परसपुर के उपखंड अधिकारी मुकेश कुमार, बेलसर के उपखंड अधिकारी राजेंद्र सिंह, गिलौला (श्रावस्ती) के उपखंड अधिकारी प्रवेंद्र सिंह और रेहरा के उपखंड अधिकारी शिवकुमार वर्मा को भी चार्जशीट दी गई है। इन अधिकारियों के खिलाफ भी प्रबंध निदेशक को कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
मुख्य अभियंता ने 16 अवर अभियंताओं को सुधार के लिए अंतिम अवसर देते हुए चेतावनी जारी की है। इन अवर अभियंताओं में श्रीदत्तगंज, इटियाथोक, मेहनौन, नवाबगंज, परसपुर, लक्ष्मन नगर, अचलपुर चौधरी, तरबगंज, आर्यनगर, रेहरा, बलरामपुर, गिलौला, धानेपुर, घोलिया, मनकापुर और आमोद कुमार शामिल हैं। (संवाद)