बालपुर। खरथरी नए पुरवा में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव दफनाने का मामला सामने आया है। मृतका की मां ने पति, सास, ससुर और देवर पर दहेज की खातिर गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने जांच शुरू दी है।
कटरा बाजार के धोबहाराय गंगाजोत निवासी जाकुरुननिशा ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि उन्होंने छह माह पहले ही बेटी हिना (20) का निकाह किया था। आरोप है कि निकाह के कुछ माह बाद से ही ससुराल वाले दहेज में सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर हिना को प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे पीटते थे। आरोप है कि शनिवार को पति, सास, ससुर व देवर ने मिलकर चाकू से गला रेतकर हिना की हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर शव दफना दिया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर चौकी प्रभारी बालपुर विवेक कुमार से जांच कराई जा रही है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।