मुजेहना, (गोंडा)। गुमड़ी गिद्धौर गांव से बृहस्पतिवार की रात यूकेलिप्टस की लकड़ी लादकर धानेपुर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली कोहरे के कारण गुमड़ी पुल के पास अनियंत्रित हो गड्ढे में पलट गई। ट्रॉली पलटने पर चालक समेत दो लोग पेड़ में फंस गए। पुलिस ने दोनों को निकाला। दोनों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक का इलाज चल रहा है।
बलरामपुर के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के कटरा गिद्घौर गांव का रहने वाला कृष्ण कुमार तिवारी (28) अपने गांव के पास पांडेयपुर के रहने वाले अजय कुमार 16 के साथ बृहस्पतिवार की रात तकरीबन 10 बजे गुमड़ी गिद्धौर गांव से यूकेलिप्टस की लकड़ी लादकर धानेेपुर जा रहा था। वह दोनों उतरौला-धानेपुर मार्ग के गुमड़ी पुल के पास पहुंचे थे, तभी घना कोहरा होने से ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। जिससे घायल होकर पास में लगे एक पेड़ में दोनों फंस गए।
हादसे की सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में चालक कृष्ण कुुमार तिवारी की मौत हो गई, जबकि अजय का इलाज चल रहा है।