गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलीय समीक्षा में कहा कि योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करते हुए धन की उपलब्धता सुनिश्चित करा कर समय से पूरा कराया जाय। उन्होंने गोंडा के डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल को पूरी तरह से सक्रिय करने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल की क्षमता के अनुसार वहां पर मरीज भर्ती किए जाएं ताकि मरीजों को लखनऊ न आना पड़े।
उन्होंने कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग तेज कराने तथा सर्विलांस सिस्टम मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि मंडल में मृत्यु दर एक प्रतिशत के नीचे आना चाहिए। उन्होंने केजीएमसी सैटेलाइट सेंटर बलरामपुर से संबंधित कार्य में तेजी लाने के लिए आयुक्त देवीपाटन मंडल को स्वय मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने गोंडा में विधि विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण कार्य आगामी दिसंबर माह तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्य बिल्डिंग का कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण हो जाए ताकि वह फंक्शनल हो सके।