गोंडा के सेंट जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल में सीबीएसई का परिणाम आने के बाद खुशी से उछल पड़े मे
गोंडा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। इंटरमीडिएट में बीवीएस पब्लिक स्कूल बभनान की आराध्या सिंह ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। हाईस्कूल में 98.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर फातिमा स्कूल के प्रभव अरोरा जिला टॉपर बने हैं। परिणाम जारी होते ही मेधावियों का चेहरा खिल उठा। हर कोई एक-दूसरे को बधाई देने में जुट गया।
सीबीएसई की परीक्षा में जिले के करीब 20 कॉलेजों के बच्चों ने प्रतिभाग किया था। मंगलवार सुबह जैसे ही रिजल्ट आने की जानकारी मिली, हर कोई मोबाइल व लैपटॉप पर जानकारी लेने लगा। तपती दोपहरी की परवाह किए बगैर लोग परिणाम को लेकर उत्सुक रहे। एक-एक कर परिणाम जारी होते ही बधाई का दौर शुरू हो गया। मेधावी स्कूल पहुंचने लगे।
स्कूलों के प्रबंधन से जुड़े लोगों की मानें तो हाईस्कूल में करीब 5,400 बच्चों में से 94 प्रतिशत व इंटर में 4,900 के सापेक्ष करीब 88 प्रतिशत ने सफलता हासिल की है। हालांकि अधिकारिक तौर पर कोई इसका डाटा जारी नहीं किया गया है।
हाईस्कूल में शहर के फातिमा स्कूल का दबदबा रहा। हाईस्कूल में 98.6 प्रतिशत अंक पाकर जिला टाॅपर बने फातिमा स्कूल के प्रभव अरोरा के साथ ही 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर इसी स्कूल की पावनी मिश्रा व सिद्धी अग्रवाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। सेंट माइकल काॅन्वेंट स्कूल मनकापुर की वैभवी दीक्षित व एम्स इंटरनेशनल स्कूल के अमन मौर्य 98 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे नंबर पर रहे।
इंटरमीडिएट में बीवीएस पब्लिक स्कूल बभनान की आराध्या सिंह ने 97 प्रतिशत के साथ जिले में पहला, सेंट माइकल काॅन्वेंट स्कूल मनकापुर की मुस्कान दूबे ने 96.6 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा व बीवीएस पब्लिक स्कूल बभनान की अंशिका वर्मा, आस्तिक शुक्ला व अतुल कुमार वर्मा ने 95.8 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। मेधावियों को अपने-अपने स्कूल में सम्मानित किया गया।