गोंडा। आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने के लिये बैंकों व डाकघरों में होने वाली भीड़ व पैसे लेकर टोकन देने की खबर सोमवार को ‘अमर उजाला’ में प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। जनसमस्या को देखते हुए प्रशासन ने आधार कार्ड में संशोधन का कार्य अब जनसेवा केंद्रों को भी दे दिया है।
जनपद में सीएससी केंद्र तरबगंज, झंझरी, महराजगंज, बालपुर, मनकापुर, खरगूपुर व मनिकापुर बस अड्डा समेत आठ केंद्रों पर आधार कार्ड संशोधन की सेवा शुरू कर दी गई है। जल्द ही जनपद के सभी जनसेवा केंद्रों पर ये सुविधा मिलेगी।
सीएससी के जिला प्रबंधक सुनील तिवारी ने बताया कि अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों से बात करके सीएससी केंद्रों पर आधार संशोधन का काम शुरू कर दिया गया है। जनसेवा केंद्रों पर आधार कार्ड संशोधित हो जाने से बैंकों व डाकघरों में भीड़ कम हो जायेगी। आधार कार्ड में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि व पता के साथ मोबाइल नंबर संशोधित कराया जा सकता है। संशोधन के लिए ग्राहक को 50 रुपये का निर्धारित शुल्क देना होगा।
उन्होंने बताया कि नया आधार कार्ड बनवाने वालों की संख्या कम है, जबकि अधिकांश आधार कार्ड में जन्मतिथि या मोबाइल नम्बर की त्रुटि है। कुछ लोगों के आधार कार्ड में फीड नम्बर बन्द हो गया या बदल गया, जिससे ओटीपी द्वारा आधार का सत्यापन नहीं हो पा रहा है। इसलिए आधार कार्ड संशोधन कराने वालों की काफी भीड़ रहती थी।
सीएससी केंद्रों पर आधार कार्ड संशोधन करने की सेवा शुरू कर दी गई है। आठ केंद्रों पर सेवा शुरू हुई है। जल्द ही सभी केंद्रों पर संशोधन की सुविधा मिलेगी। सीएससी केंद्र पर संशोधन होने से लोगों को राहत मिलेगी।
-सुनील तिवारी, जिला प्रबंधक-सीएससी