खरगूपुर/माधोपुर। जिले में अलग-अलग इलाकों में हुए दो सड़क हादसों में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आर्यनगर–महाराजगंज मार्ग पर महेशपुर गांव के मोड़ के पास हुआ।
छिटनापुर के मजरे शिव सहाय पुरवा निवासी मंशाराम वर्मा (35) बुधवार को गोंडा–बलरामपुर मार्ग स्थित धुसवा मेले में शामिल होने के लिए बाइक से गए थे। देर रात लौटते समय महेशपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मंशाराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
पत्नी फूलमता देवी ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें देर रात पुलिसकर्मियों ने दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि मंशाराम ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे लवकुश (10), विजय (8), अरविंद (4) और दो बेटियां खुशबू (6) व रोहिणी (2) हैं। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि परिजनों से तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उधर, राजापुर देवापसिया निवासी सलमान (16) अपने साथी मोहम्मद अहमद (25) के साथ बाइक से कटरा बाजार से घर लौट रहा था। कटरा बाजार क्षेत्र में करनैलगंज–पयागपुर मार्ग पर भटपुरवा चौराहे के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को एंबुलेंस से गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजवाया गया। माधोपुर चौकी प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मंशाराम ने बच्चों को छोड़ा था बहन के घर
मंशाराम बुधवार को बेटे लवकुश (10), विजय (8) को लेकर धुसवा मेला गया था। वहां से वापस लौटते समय रात हो जाने के कारण बच्चों को जमुनही में बहन के घर छोड़ा था। वहां से घर आते समय रास्ते में वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। अब पुलिस सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है।