भंभुआ/करनैलगंज (गोंडा)। शराब के नशे में मारपीट के बाद शनिवार रात करनैलगंज के भुलियापुर निवासी मुकेश कुमार (24) की मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी के आरोपों के आधार पर शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। पत्नी का आरोप है कि मुकेश की पीटकर हत्या की गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में गिरने से मौत हुई है।
भुलियापुर निवासी मुकेश मां शिवदेवी, पत्नी ममता व अन्य परिजनों के साथ रहते थे। शनिवार शाम को मारपीट के बाद मुकेश की हालत गंभीर देखकर चौकीदार बृज कुमार ने करनैलगंज कोतवाली में सूचना दी। चौकीदार ने बताया कि मारपीट के बाद मुकेश को गंभीर हालत में पड़ा देखकर सूचना दी। पुलिस ने मुकेश को करनैलगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह ने बताया कि मुकेश की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। प्रथमदृष्टया शराब के नशे में लड़खड़ाकर गिरने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि मां-बेटे के बीच विवाद हुआ था। मामले में मां शिवदेवी ने भंभुआ पुलिस चौकी में बेटे मुकेश की शिकायत की थी। मगर पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। कुछ देर बाद ही मुकेश की मौत हो गई।
तीन भाइयों में बड़े थे मुकेश
मुकेश तीन भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी ममता, भाई बृजेश, लवकुश के साथ ही बहनें विनीता और प्रियंका हैं। परिजनों के मुताबिक, शराब के नशे में अक्सर परिजनों से विवाद करते थे। हालांकि मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की गई है। पत्नी ने कोई तहरीर नहीं दी है।