टियाथोक के एक गांव में मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती। स्रोत-सोशल मीडिया
इटियाथोक। प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर सोमवार को एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। जानकारी होते ही वहां भीड़ जुट गई। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर युवती टावर से उतर आई।
क्षेत्र के एक गांव की युवती का एक युवक से प्रेम संबंध है। कुछ दिन पहले एक मामले में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इससे नाराज युवती सोमवार को गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी को रिहा करने की मांग करने लगी। युवती का कहना था कि प्रेमी के जेल जाने से वह बेहद परेशान है और उसकी रिहाई चाहती है।
सूचना मिलते ही सीओ सदर शिल्पा वर्मा और प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद युवती पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर टावर से उतर आई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।