विश्नोहरपुर। एकतरफा प्यार में एक युवक सोमवार को रघुनाथपुर में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने पर वह डेढ़ घंटे बाद नीचे उतरा। इसके बाद सभी ने राहत महसूस की।
तुलसीपुर माझा में अपने मामा के यहां रहने वाला पुत्तन सोमवार को लखनलाल महाविद्यालय के बगल स्थित टावर पर चढ़ गया। ये देख आसपास लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। यूपी 112 और नवाबगंज थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरक्षी अभिषेक यादव ने मोबाइल पर युवक से लगातार संपर्क बनाए रखा। बातचीत के दौरान उसने शर्त रखी कि उस लड़की को थाने पर बुलाया जाए, जिससे वह प्यार करता है। साथ ही नीचे उतरने पर उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए। पुलिस के आश्वासन पर वह नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई।
पुलिस ने बताया कि बलरामपुर जिले का मूल निवासी पुत्तन अपने मामा की दुकान में काम करता है। दोपहर दो बजे वह चुपचाप टावर पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगा। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पुत्तन क्षेत्र की एक लड़की से एकतरफा प्यार करता है। उससे मिलवाने की मांग को लेकर वह टावर पर चढ़ गया था। उसे समझाकर नीचे उतार लिया गया है। प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।