करनैलगंज/शाहपुर (गोंडा)। नरायनपुर मांझा रेलवे क्राॅसिंग के पास सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से चरसड़ी निवासी धनपता (55) की मौत हो गई।
चरसड़ी निवासी सोनू यादव ने बताया वह अपनी मौसी धनपता और मौसा रामजग को लेकर नरायनपुर मांझा के केशईपुरवा ननिहाल जा रहे थे। इस दौरान रेलवे क्राॅसिंग बंद होने पर मौसी धनपता उतरकर रेलवे ट्रैक पार करने लगीं। तभी ट्रेन की चपेट में आ गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। करनैलगंज कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सोनू ने बताया कि करीब एक साल से मौसी बीमार थीं। सुबह आठ बजे बरगदी से दवा लेने के बाद वह मायके जा रही थीं। उनके परिवार में पति रामजग के साथ ही बेटा विजय राज और बेटी नन्हा है। बेटा दिल्ली में फैक्टरी में काम करता है। उसे घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। (संवाद)