नवाबगंज के तुलसीपुर माझा गांव में त्रिमोहनी घाट पर जांच करती वन विभाग की टीम। - संवाद
विश्नोहरपुर। तुलसीपुर माझा के मजरे पूरे रामप्रसाद में बृहस्पतिवार रात जंगली जानवर दिखने से लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाया है, जिसमें जंगली जानवर साफ दिख रहा है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग की तो गन्ने के खेत से त्रिमोहनी घाट तक पंजे के निशान मिले।
गांव के रामतेज यादव ने बताया कि रात में उनके भाई व भतीजा ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। तभी त्रिमोहनी घाट पर उन्होंने बाघ की तरह दिखने वाला एक जंगली जानवर बैठा देखा। भाई ने फोन किया तो वह गांव के लोगों के साथ पहुंचे, लेकिन तब तक जानवर गन्ने के खेत में चला गया। राकेश यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार रात नौ बजे खूंटे में बंधी उनकी बछिया को जंगली जानवर उठा ले गया। घटना से गांव के लोग दहशत में हैं। कुछ लोगों का कहना है कि जंगली जानवरों की संख्या दो है।
स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह थाने पर सूचना दी। दोपहर तीन बजे वन दरोगा अरुण तिवारी ने टीम के साथ पहुंचकर कांबिंग शुरू की। नदी के तट से गन्ने के खेत तक जानवर के पगचिह्न मिले हैं। वन क्षेत्राधिकारी अभिषेक ने बताया कि रात्रि के वीडियो और फोटो से जानवर की पुष्टि नहीं हो पा रही है। हावभाव व पंजों के निशान फिशिंग कैट की तरफ इशारा कर रहे हैं। रात्रि में नदी के किनारे वनकर्मी तैनात किए गए हैं।