गोंडा। पावर कॉर्पोरेशन के चार खंडों में करीब पौने दो लाख उपभोक्ताओं ने कनेक्शन लेने के बाद आज तक बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। इससे उपभोक्ताओं पर विभाग की 273 करोड़ रुपये की बकाए दारी हो गई है।
ऊर्जा मंत्री के सख्त निर्देश के बाद विभाग के अधिकारियों ने नेवर पेड उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो बिजली बिल कभी न जमा करने (नेवर पेड) वाले उपभोक्ताओं के घर जाकर विभागीय टीम कनेक्शन काटने की कार्यवाई कर रही है।
इन उपभोक्ताओं को बिल जमा करने का एक और मौका दिया जाता है। उसके बाद बकाया वसूली के लिए विधिक कार्यवाई की जाएगी। इस प्रकार अब तक बिजली बिल का भुगतान न करने वाले करीब पौने दो लाख उपभोक्ताओं के घर में अंधेरा छा सकता है। बिजली बिल भुगतान न करने वालों की फेहरिस्त काफी लंबी है। जिसमें आम उपभोक्ताओं के साथ सरकारी विभाग व बड़े व्यापारिक उपभोक्ता भी शामिल हैं।
कनेक्शन की जांच में छूट रहा पसीना
ऊर्जा मंत्री की सख्ती के बाद अब पावर कॉर्पोरेशन नेवर पेड वाले कनेक्शनों की जांच में जुट गया है। इन उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच करने में अभियंताओं के पसीने छूट रहे हैं। 2017 के बाद सौभाग्य व अन्य योजनाओं के आने से बिजली उपभोक्ताओं में बड़े पैमाने पर इजाफा हुआ है। ऐसे में अधिकांश नए उपभोक्ताओं ने एक भी बार बिजली का बिल भुगतान नहीं किया। जिनकी पड़ताल करने में बिजली कर्मियों व अभियंताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कभी बिल न देने वाले उपभोक्ताओं का आंकड़ा
वितरण खंड नेवर पेड उपभोक्ता बकायेदारी
खंड एक 9983 11.50 करोड़
खंड दो 89962 195 करोड़
खंड तीन 44000 38.56 करोड़
खंड चार 35000 28 करोड़ करीब
नेवर पेड उपभोक्ताओं के काटे जा रहे कनेक्शन
कनेक्शन लेने के बाद कभी भी बिजली का बिल न अदा करने वाले उपभोक्ताओं के घर जाकर पावर कॉर्पोरेशन की टीम बिल भुगतान करने का अपील कर रही है। यदि उपभोक्ता ने बिल का भुगतान नहीं किया तो उसका कनेक्शन काटने व बकाया वसूली के लिए विधिक कार्यवाई की जा रही है। विद्युत वितरण खंड दो में सबसे अधिक 89962 उपभोक्ता, खंड तीन में 44000 उपभोक्ता, खंड चार में 35 हजार व खंड एक में 9983 उपभोक्ताओं ने कभी भी बिजली बिल नहीं जमा किया। - रणवीर सिंह, एक्सईन, विद्युत वितरण खंड दो