गोंडा। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने की दिशा में गोंडा ने लक्ष्य से अधिक एचपीवी टीकाकरण किया है। 15 वर्ष की किशोरियों के लिए जिले में 44,395 टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया था। इसके सापेक्ष 44,580 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। 19 सितंबर तक यू-विन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार जिले का कवरेज 100.42 प्रतिशत रहा।
सीएचसी खरगूपुर 103.02 प्रतिशत कवरेज के साथ सबसे आगे है। यहां 3,344 के लक्ष्य के सापेक्ष 3,445 किशोरियों का टीकाकरण हुआ। बभनजोत में 102.40, मुजेहना में 100.79 और मनकापुर में 100.77 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया। काजीदेवर में 100.61, कटरा बाजार में 100.56, वजीरगंज में 100.51, बेलसर में 100.49, तरबगंज में 100.37, पंडरी कृपाल में 100.30 और नवाबगंज में 100.19 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। छपिया में भी लक्ष्य का 100 प्रतिशत टीकाकरण दर्ज किया गया। सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि जिले में टीकाकरण की स्थिति बेहतर है। इसकी नियमित निगरानी की जा रही है।
पांच ब्लॉक अभी 100 प्रतिशत से पीछे
करनैलगंज में 99.30, परसपुर में 99.36, हलधरमऊ में 99.37, नगर क्षेत्र में 99.19 और इटियाथोक में 98.72 प्रतिशत कवरेज रहा। इटियाथोक में सबसे कम 98.72 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जीएम चिश्ती ने बताया कि लक्ष्य से पीछे रहने वाले ब्लॉकों की निगरानी की जा रही है। अधीक्षकों को माइक्रोप्लान नए सिरे से तैयार कर शेष किशोरियों का टीकाकरण पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
खतरे से बचाता है टीका
बेलसर सीएचसी की ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक वंदना सिंह ने बताया कि एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण सर्वाइकल कैंसर से जुड़ा प्रमुख जोखिम है। किशोरावस्था में एचपीवी टीकाकरण से भविष्य में संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है। ऐसे में लक्ष्य से अधिक किशोरियों का टीकाकरण स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।