पचपेड़वा थाना क्षेत्र के गुरचिहवा गांव में बिजली के तारों में स्पार्किंग के चलते गेहूं के खेत में आग लग गई, जिससे कई किसानों का करीब 25 बीघा गेहूं जल गया। राजस्व निरीक्षक व हलका लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया है।
गुरचिहवा गांव निवासी इशहाक ने बताया कि वह बीते दिन दोपहर बाद दो बजे खेत में काम कर रहा था। अचानक बिजली के दो तार के लड़ने से चिन्गारी निकलने लगी। देखते ही देखते गेेहूं के खेत में आग लग गई।
आग की लपटों को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। दमकल की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई। आग से इशहाक, लक्ष्मीनरायन, कांती व चिनकू की पांच-पांच, लाला की चार व सुक्खा की एक बीघा गेेहूं की फसल जल गई।
आग से करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई है। राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र व हल्का लेखपाल सुजीत श्रीवास्तव ने क्षति का आकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट उपलब्ध करा दी है।