पिता ने दो लाख रुपयों के लालच में 15 वर्षीय नाबालिग बेटी की शादी अधिक उम्र के व्यक्ति से तय करने से नाराज बेटे ने पिता के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। बुधवार को करनैलगंज कोतवाली दर्ज कराए मुकदमे में उसने पिता समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के गांव निवासी छोटू पाल ने कोतवाली करनैलगंज में बुधवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके पिता रामभजन ने ग्राम रामगढ़ करनैलगंज निवासी देशराज पाल के साथ मिलकर उसकी 15 वर्षीय बहन की शादी इसी महीने में गाजीपुरवा कैसरगंज बहराइच के रहने वाले ननकू पाल के साथ तय कर रखी है। छोटू का आरोप है कि ननकू शादीशुदा है और उसकी उम्र करीब 35 साल है। छोटू ने कहा कि उसके पिता शराबी हैं। इसलिए रामगढ़ निवासी देशराज ने शादी के लिए मध्यस्थता करते हुए ननकू पाल से दो लाख लेकर शादी तय करा दी। छोटू ने बताया कि जब उसने शादी का विरोध किया तो उसके पिता रामभजन और मध्यस्ता करने वाले देशराज उसे मारने के लिए दौड़ा लिए और बंधक बनाने की कोशिश की।
छोटू ने नाबालिग बहन की शादी रोकने के लिए बुधवार को कोतवाली करनैलगंज में अपने पिता रामभजन, देशराज पाल व ननकू पाल के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ बाल विवाह निषेद्ध अधिनियत के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल बृजकिशोर यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।