रुपईडीह। खरगूपुर के मंगलनगर में ईंट भट्ठे के पास खड़े एक डंपर में शुक्रवार देर रात आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते डंपर पूरी तरह जल गया।
बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा गांव निवासी चालक नौमीलाल ने बताया कि मंगलवार को वह डंपर में अयोध्या से चूना लेकर मंगलनगर में एक व्यापारी के यहां पहुंचाने आए थे। रात में घना कोहरा होने के कारण डंपर सड़क किनारे खड़ा करके सुबह लौटने का फैसला किया। कुछ ही देर बाद डंपर में अचानक आग लग गई। लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर कंट्रोल रूम में सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों से आग लगी थी। (संवाद)