मंडलीय कारागार की आरक्षित जमीन चिह्नित, सीएंडडीएस कराएगी निर्माण कार्य
जिले के छात्र-छात्राओं का कम पैसा में पूरा होगा पैरामेडिकल की पढ़ाई का सपना
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। महाराजा देवीबख्श सिंह राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने के साथ ही जिले में सरकारी नर्सिंग कॉलेज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मेडिकल कॉलेज के पास की जमीन चिह्नित कर कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। जल्द की कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की ओर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए करीब 10 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए डॉक्टरों के साथ नर्सिंग स्टॉफ तैयार किया जाएगा। एमबीबीएस की 100 सीटों के साथ ही पैरामेडिकल की 100 सीटों पर छात्र पढ़ाई कर सकेंगे। मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री से सटे मंडलीय कारागार की जमीन को नर्सिंग कॉलेज के लिए चिन्हित किया गया है। कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को निर्माण कार्य का ठेका दिया गया है।
अगले सत्र तक शुरू हो सकती पढ़ाई
कार्यदायी संस्था को वर्ष 2025 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। जिससे अगले शैक्षिक सत्र तक नर्सिंग कॉलेज में पैरामेडिकल की पढ़ाई शुरू की जा सके। नर्सिंग कॉलेज शुरू होने के बाद जिले के युवाओं को सस्ती नर्सिंग की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
वर्जन
जल्द ही शुरू होगा निर्माण कार्य
गोंडा मेडिकल कॉलेज के बगल जमीन चिन्हित की जा चुकी है। कार्यदायी संस्था नामित होने के साथ निर्माण कार्य की तैयारी पूरी कर ली गई है। जल्द ही नर्सिंग कॉलेज का निर्माण शुरू हो जाएगा।
-डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज