गोंडा में देहात कोतवाली के रौतावां गांव में गुमशुम बैठे मृतकों के परिजन। - संवाद
धानेपुर (गोंडा)। बलरामपुर के मां पाटेश्वरी देवी मंदिर देवीपाटन तुलसीपुर से लौटते समय हुए हादसे में दो लोगों की मौत से देहात कोतवाली की धनौली के रौतावां में कोहराम मचा रहा। इंतजार कर रहे परिजन मौत की खबर सुनकर सहम गए। गांव के लोग भी हादसे की खबर से परेशान दिखे और मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाते रहे। रौतावां निवासी हरिशंकर यादव का पुत्र जगदंबा व नाती शिवसहाय सहित परिवार के छह लोग बुधवार की शाम कार से गए थे। जगदंबा (40) व जगदंबा के बेटे शिवसहाय यादव की मौत व अन्य के घायल होने की जानकारी से जगदंबा के परिजन सदमे में आ गए। घर पर मौजूद मृतक जगदंबा की पत्नी व पुत्री राधा (12) व श्याम सुंदरी यादव (15) घटना की सूचना मिलने पर बेसुध हो गईं। राधा राेते हुए बस पापा और भैय्या को ही पुकार ही रहीं थीं। सभी को पापा के आने का इंतजार था, लेकिन आई मौत की खबर। इससे वह खुद को संभाल ही नहीं पा रही थीं। वहीं गांव के मनोज वर्मा (मृतक के पड़ोसी) ने बताया कि परिवार के लोग बहुत परेशान हैं, सूचना आने के बाद से कोहराम मचा है। संवाद